हरिद्वार से चमोली जा रही थी बस 26 घायल यात्रियों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया
SDRF और पुलिस ने चलाया संयुक्त बचाव अभियान
टिहरी। जिले में मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। गूलर बाजार के समीप हरिद्वार से चमोली जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही SDRF, पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे बस संख्या UK09PA-9779 गूलर पुल के समीप अनियंत्रित होकर गदेरे में गिर गई। हादसे की सूचना पर SDRF की ब्यासी पोस्ट से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए SDRF की ढालवाला पोस्ट और वाहिनी मुख्यालय से भी अतिरिक्त टीमें भेजी गईं। निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में जवानों ने दुर्गम भूभाग और विषम परिस्थितियों के बीच बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया।
रेस्क्यू के दौरान 26 घायलों को स्ट्रेचर की मदद से खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। यहां से एंबुलेंस के जरिए उन्हें अस्पताल भेजा गया। हादसे में जान गंवाने वाले आठ लोगों के शव भी बस से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाए गए।
SDRF की टीमों ने घटनास्थल और आसपास के संभावित क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान भी चलाया। पुलिस, प्रशासन, बचाव एजेंसियों और स्थानीय लोगों के आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव अभियान पूरा किया गया।
