विभागीय अधिकारियों ने दिए सवालों के जवाब
शेष प्रश्नों पर लिखित जानकारी देने का आश्वासन
गोपेश्वर (चमोली)। 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले के तहत बुधवार को बहुद्देशीय भवन, डायट गौचर में प्रेस सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें पत्रकारों ने जिले की विभिन्न जनसमस्याओं, विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
प्रेस सम्मेलन में पत्रकारों ने विभागीय अधिकारियों से एक-एक कर सवाल पूछे। अधिकारियों ने अधिकांश सवालों के जवाब दिए, जबकि आंकड़ों और विस्तृत जानकारी से जुड़े जिन प्रश्नों के उत्तर तत्काल उपलब्ध नहीं हो सके, उन्हें जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से लिखित रूप में उपलब्ध कराने की बात कही गई।
सम्मेलन की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार शेखर रावत ने की। उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल और प्रेस क्लब गौचर के अध्यक्ष खुशाल सिंह असवाल भी मंच पर मौजूद रहे। इस दौरान शेखर रावत ने कहा कि पत्रकारों और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद से जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने विकास और जनकल्याण के लिए सकारात्मक संवाद को जरूरी बताया।
उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने मेले के सफल आयोजन में सहयोग के लिए पत्रकारों का आभार जताया। पत्रकारों ने भविष्य में ऐसे सम्मेलनों को अधिक प्रभावी और जनोपयोगी बनाने के लिए सुझाव भी दिए। कार्यक्रम के अंत में जनहित के प्रति समर्पित पत्रकारों का अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला सूचना अधिकारी धीरज कार्की और राजकुमार तिवाड़ी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विभिन्न समाचार पत्रों और मीडिया संस्थानों के पत्रकारों के साथ विभागीय अधिकारी तथा सूचना विभाग के अशोक सेमवाल, पुष्कर, सुरेश समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
