खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। आगामी 23 मई से शुरू होने वाली विश्व प्रसिद्ध श्री हेमकुंड साहिब यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बर्फबारी के बीच भी प्रशासन, सेना और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी युद्धस्तर पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटी हैं।

यात्रा के सफल संचालन के लिए चमोली पुलिस, भारतीय सेना और घांघरिया गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने संयुक्त रूप से गोविंदघाट से लेकर हेमकुंड साहिब तक संपूर्ण यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलना गांव तक वाहनों की पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया गया, ताकि यात्रा के दौरान यातायात सुचारू बना रहे। टीम ने भ्यूंडार और घांघरिया स्थित पुलिस चैकियों का निरीक्षण किया। शीतकाल में बंद रहने वाली इन चैकियों को यात्रा शुरू होने से पहले पुनः संचालित करने की तैयारियों का बारीकी से मूल्यांकन किया गया।

गौरतलब है कि इसी मार्ग से विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी का रास्ता भी जाता है, जहां पर्यटन सीजन में भारी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्थाओं का पूर्व आकलन कर आवश्यक तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया है।

मौजूदा समय में अटलाकोटी से हेमकुंड साहिब तक का मार्ग भारी बर्फ से ढका हुआ है। भारतीय सेना के जवान लगातार बर्फ हटाकर रास्ता बनाने में जुटे हैं। पुलिस, सेना और गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों ने संयुक्त रूप से बर्फ हटाते हुए दरबार साहिब परिसर तक पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि हर श्रद्धालु की यात्रा ‘मित्रता, सेवा और सुरक्षा’ के माहौल में संपन्न हो। दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद बेहतर समन्वय के साथ यात्रा को सुगम बनाने का कार्य तेजी से जारी है।

निरीक्षण के दौरान गोविंदघाट गुरुद्वारे के मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह, प्रभारी निरीक्षक चित्रगुप्त, उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह और सेना के जवान मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!