देवभूमि उत्तराखंड - वित्तीय प्रबंधन में श्रेष्ठ प्रदर्शन
Chingari News Live Uttarakhand News
खबर को सुनें

पहली बार 10 प्रतिशत विद्यालयों में तैनात होंगे पर्यवेक्षक

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के 1220 से अधिक शासकीय विद्यालयों में एक दिसंबर को तृतीय दक्षता आधारित आकलन परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें कक्षा दो, पांच और आठ के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। आकलन की पारदर्शिता और गुणवत्ता परखने के लिए पहली बार 10 प्रतिशत विद्यालयों में पर्यवेक्षकों की तैनाती भी की जाएगी। प्रश्नपत्र राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की ओर से तैयार किए गए हैं।

आकलन परीक्षा सुबह साढे दस बजे शुरू होगी। कक्षा दो के विद्यार्थियों का हिंदी और गणित, कक्षा पांच का हिंदी, गणित एवं पर्यावरण अध्ययन तथा कक्षा आठ का हिंदी, गणित, सामाजिक विज्ञान और विज्ञान विषयों में आकलन किया जाएगा। कक्षा दो और पांच के लिए डेढ़ घंटे तथा कक्षा आठ के लिए दो घंटे की समयावधि निर्धारित की गई है।

परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) पंकज उप्रेती के निर्देश पर ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। इसमें डायट गौचर के प्राचार्य अनीनाथ, खंड एवं उप शिक्षा अधिकारी, डायट के संकाय सदस्य, बीआरपी और सीआरपी शामिल हुए।

बैठक में वरिष्ठ संकाय सदस्य राजेंद्र प्रसाद मैखुरी ने बताया कि प्रश्नपत्र सभी विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारियों को उपलब्ध करा दिए गए हैं। इनकी छपाई 27 नवंबर तक और बीआरपी-सीआरपी के माध्यम से विद्यालयों तक वितरण 29 नवंबर तक पूरा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिन 10 प्रतिशत विद्यालयों को मॉनिटर्ड श्रेणी में रखा गया है, वहां प्रश्नपत्र खोलने से लेकर परीक्षा संचालन, मूल्यांकन और ऑनलाइन फीडिंग तक की प्रक्रिया पर्यवेक्षकों की निगरानी में होगी। शेष विद्यालय नॉन मॉनिटर्ड श्रेणी में रहेंगे। दोनों श्रेणियों के विद्यालयों के परिणामों का तुलनात्मक अध्ययन भी किया जाएगा।

डायट प्राचार्य अनीनाथ ने कहा कि आकलन का उद्देश्य विद्यार्थियों की वास्तविक शैक्षिक दक्षताओं का पता लगाना और कमजोरियों के आधार पर सुधारात्मक शिक्षण की व्यवस्था करना है। वर्ष 2027 में प्रस्तावित परख परीक्षा की तैयारी के लिहाज से भी यह आकलन महत्वपूर्ण है। परीक्षा के बाद विद्यालयों में विद्यार्थियों को उपचारात्मक शिक्षण दिया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी पंकज उप्रेती ने सभी विद्यालयों को परीक्षा के दिन शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आकलन की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के साथ अभिभावकों एवं समुदाय की भागीदारी पर भी जोर दिया। परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का ऑनलाइन मूल्यांकन कर परिणाम और संबंधित सूचनाएं विद्या समीक्षा केंद्र के पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी।

पहले दो आकलनों में रहा बेहतर प्रदर्शन

चमोली जिले में सात सितंबर को हुए प्रथम दक्षता आधारित आकलन में 97 प्रतिशत और पांच अक्टूबर को हुए द्वितीय आकलन में 98 प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई थी। विभाग अब तीसरे आकलन में शत-प्रतिशत उपस्थिति का लक्ष्य लेकर तैयारी कर रहा है। जनपद के 842 प्राथमिक, 180 राजकीय जूनियर हाईस्कूल, 73 हाईस्कूल और 128 राजकीय इंटर कॉलेजों समेत 1220 से अधिक विद्यालयों में यह परीक्षा आयोजित होगी।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

error: Content is protected !!