गोपेश्वर (चमोली)। उत्तराखंड कौशल विकास समिति (यूकेएसडीएस) ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत युवाओं के लिए निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रदान किया जाएगा।
जिला प्रशासन चमोली की ओर से सूचना विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार योजना के तहत बेरोजगार युवक-युवतियों, स्कूल एवं कॉलेज ड्रॉपआउट, महिला अभ्यर्थियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अभ्यर्थियों को रोजगार से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम चमोली, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, हरिद्वार, चम्पावत और टिहरी जनपदों में संचालित होगा। योजना के अंतर्गत 26 विभिन्न जॉब रोल्स में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें जूनियर टेक्नीशियन, वेब डिजाइनर, सोलर पीवी इंस्टॉलर, वेल्डर, ड्रोन सर्विस टेक्नीशियन, डिजिटल मित्र, नेचरध्ट्रैकिंग गाइड, आईटी टेक्निकल सपोर्ट और वेब डेवलपर जैसे रोजगारोन्मुखी ट्रेड शामिल हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी उत्तराखंड कौशल विकास समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
