पौड़ी। बहुउद्देशीय सहकारी समिति लिमिटेड बाह, देवप्रयाग में करीब 19 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। मामले में फरार चल रहे समिति के पूर्व सचिव शैलेंद्र गैरोला को पौड़ी पुलिस ने श्रीनगर से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने लगभग 19 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता (गबन) करना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को सहायक विकास अधिकारी, विकासखंड कोट संदीप सिंह ने थाना देवप्रयाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बहुउद्देशीय सहकारी समिति लिमिटेड बाह, देवप्रयाग के तत्कालीन सचिव शैलेंद्र गैरोला ने अपने कार्यकाल के दौरान समिति की धनराशि का गबन किया। शिकायत के आधार पर थाना देवप्रयाग में धारा 409 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने, सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
लगातार कार्रवाई के बाद पुलिस ने 22 जुलाई को आरोपी बड़ीयारगढ़ निवासी शैलेंद्र गैरोला (32 वर्ष) को श्रीनगर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने करीब 19 लाख रुपये के गबन की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राकेश चौधरी, हेड कांस्टेबल बुद्धि बल्लभ, हरीश जमलोकी और विक्रम सिंह शामिल रहे।
