- 25 नवंबर तक मांगें नहीं मानीं तो जिला युवा कल्याण कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी
गोपेश्वर (चमोली)। समान कार्य-समान वेतन और सालभर रोजगार की मांग को लेकर चमोली जिले के प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवान सोमवार से अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार पर चले गए हैं। पीआरडी जवानों ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी कार्यालय परिसर के सम्मुख धरना देते हुए जिलाधिकारी को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
पीआरडी हित संगठन चमोली के जिलाध्यक्ष करण सिंह फरस्वाण के नेतृत्व में जवानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्यबहिष्कार की सूचना दी। संगठन ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के आह्वान पर यह आंदोलन शुरू किया गया है। 18 नवंबर को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भी जवानों में आक्रोश है। संगठन ने चेतावनी दी है कि 25 नवंबर तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो जिले के सभी पीआरडी जवान जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी कार्यालय में तालाबंदी करेंगे। जवानों की प्रमुख मांगों में होमगार्ड की तर्ज पर समान कार्य-समान वेतन लागू करने और साल के सभी 365 दिन नियमित रोजगार देने की मांग शामिल है।
इस दौरान संगठन के कोषाध्यक्ष गोविंद आर्य, जिला महामंत्री सुनीता सती समेत नंदानगर, दशोली, जोशीमठ, कर्णप्रयाग के ब्लॉक कमांडर एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
