ज्योतिर्मठ में पहली बार आयोजित हुआ स्वागत समारोह,
विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
गोपेश्वर (चमोली)। भगवान बदरीविशाल के शीतकालीन प्रवास के लिए ज्योतिर्मठ पहुंची आदिगुरु शंकराचार्य की गद्दी और भगवान गरुड़ की देव डोली का नृसिंह मंदिर परिसर में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर पहली बार स्वागत समारोह आयोजित करने के साथ ही विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। समारोह के लिए नृसिंह मंदिर और आसपास के मंदिरों को 17 कुंतल फूलों से सजाया गया था।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने देव डोलियों के शीतकालीन प्रवास स्थल पर विराजमान होने पर आयोजित समारोह को सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही प्रदेश में शीतकालीन यात्रा का भी आगाज हो गया है। तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में शीतकालीन यात्रा पंजीकरण काउंटर स्थापित किया गया है। बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने तीर्थयात्रियों को शीतकालीन यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती के नेतृत्व में धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल और वेदपाठियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। गद्दी दर्शन के लिए मंदिर परिसर में रखी गई शंकराचार्य की गद्दी को बाद में परंपरागत गद्दी स्थल पर सुशोभित किया गया। इसके बाद विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर नृसिंह मंदिर परिसर में देव पूजाई समिति, धर्माधिकारियों, वेदपाठियों और विशिष्टजनों ने चार नवंबर को काशी में गंगा महासभा एवं संस्कृति संसद की ओर से आयोजित संत सम्मेलन में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती को सम्मानित किए जाने पर उनका अभिनंदन भी किया।
इस दौरान बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी, दंडी स्वामी मुकुंदानंद जी महाराज, पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, भाजपा नेता सुभाष डिमरी, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, प्रभारी अधिकारी राजन नैथानी, पूर्व मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चैहान, कर्मचारी संघ अध्यक्ष बिजेंद्र बिष्ट, मंदिर प्रभारी राजेंद्र सेमवाल, कमलेश कुकरेती, प्रधानाचार्य अरविंद पंत, भाजपा नगर अध्यक्ष अनिल सती, देव पूजाई समिति अध्यक्ष अनिल नंबूदरी, अनूप पंवार, गिरीश रावत, विवेक थपलियाल, भूपेंद्र रावत, संदीप कपरवाण, जगमोहन बर्त्वाल, संतोष तिवारी, राकेश नेगी, हनुमान प्रसाद, सुशील डिमरी, रामप्रसाद थपलियाल और मौसमी रावत सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
