गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को वीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत प्राप्त प्रस्तावों को लेकर समीक्षा बैठक में प्रस्तावित मोटर मार्गों की प्रगति एवं संस्तुति संबंधी कार्यों पर चर्चा की गई।
डीएम ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि प्रस्तावित मोटर मार्गों की संस्तुति चयन समिति से जल्द आगे की कार्रवाई की जाए। उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर तय लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने पर जोर दिया।
अधिशासी अभियंता आरडब्ल्यूडी अल्लादिया ने बताया कि योजना के तहत निर्धारित 15 किमी लक्ष्य के सापेक्ष 35.40 किमी तथा उच्चीकरण के लिए निर्धारित 3 किमी लक्ष्य के सापेक्ष 5.50 किमी मोटर मार्गों के प्रस्ताव चयन समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जा चुके हैं। बताया गया कि मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के माध्यम से दूरस्थ एवं छोटी आबादी वाले गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा एवं बाजार तक पहुंच बेहतर होगी।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।

