गोपेश्वर (चमोली)। दहेज की भूख में बहू की जान लेने वाले कलयुगी सास और ससुर को पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार नंदानगर ब्लॉक के कनोल गांव की सुपली देवी ने थाना थराली में लिखित तहरीर दी थी कि उनकी बेटी उर्मिला का विवाह 2023 में देवाल तहसील के ल्वाणी गांव निवासी प्रेम सिंह के साथ हुआ था। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि विवाह के उपरांत ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज की मांग कर उसका शारीरिक व मानसिंक उत्पीड़न किया जाता रहा। इस मामले में मायके पक्ष को मारपीट की जानकारी दी जाती रही। कुछ समय बाद गांववासियों को उसकी मृत्यु की सूचना मिली। परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतका की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर इस मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए धारा 80 (2) वीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। कर्णप्रयाग के पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में विवेचना करते हुए घटना स्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए गए। इस मामले में आरोपित ससुर त्रिलोक सिंह तथा सास रामेश्वरी देवी को गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला कारागार भेज दिया गया है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया आदि शामिल रहे।

