गोपेश्वर (चमोली)। श्रीदेवी सुमन विश्व विद्यालय की ओर से जारी परीक्षा परिणामों में महाविद्यालय गोपेश्वर के परीक्षा परिणाम में अनियमितता का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने कालेज गेट पर प्रदर्शन कर कुलपति तथा शिक्षा मंत्री डा. धनसिंह रावत का पुतला दहन किया, वहीं एबीवीपी ने प्रदर्शन करते हुए कालेज परिसर में धरना दिया। छात्र संगठनों का कहना है कि यदि शीघ्र ही परीक्षा परिणामों में सुधार नहीं किया जाता है तो छात्रों को उग्र आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग संगठन मंत्री चैन सिंह रावत, प्रदेश सह मंत्री अमित मिश्रा का कहना है कि विश्व विद्यालय की ओर से जारी परीक्षा परिणामों में 90 फीसदी से अधिक छात्र अनुर्तीण हो रखे है जो विश्वविद्यालय प्रशासन की कमियों को उजागर कर रहा है। उन्होंने कहा किह यदि सात दिनों के अंदर परीक्षा परिणाम में सुधार नहीं किया जाता है तो उन्हें उग्र आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा। इस मौके पर जिला संयोजक आयुष अटवाल, जिला सह संयोजक अजय भंडारी, छात्र संघ अध्यक्ष पवनेश रावत, नगर अध्यक्ष दीपक बिष्ट, छात्र संघ सह सचिव पंकज कुमार, नगर मंत्री अमित ठाकुर, नेहा रावत, अमृता ठाकुर, धीरज राणा, आयुष गौड़ आदि मौजूद थे।
वहीं दूसरी ओर एनएसयूआई ने महाविद्यालय के गेट पर प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति तथा उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का पुतला दहन कर परीक्षा परिणामों में हुई गड़बड़ी का विरोध किया। छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष सूर्य प्रकाश पुरोहित, पूर्व विश्व विद्यालय प्रतिनिधि विपिन फरस्वाण का कहना था कि जिस तरह से विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षाफल निकाला गया है उससे साफ जाहिर है विश्व विद्यालय छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना चाहिता है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही परीक्षा फल में सुधार नहीं किया जाता है तो छात्रों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

