खबर को सुनें

कर्णप्रयाग। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन के तहत गुरुवार को तहसील सभागार कर्णप्रयाग में अपर आयुक्त गढ़वाल मंडल, पौड़ी एवं निर्वाचक नामावली प्रेक्षक उत्तम सिंह चौहान की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना।

बैठक में प्रेक्षक ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की सफलता में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे तथा प्राप्त दावों और आपत्तियों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना, पात्र नागरिकों के छूटे हुए नाम शामिल करना तथा दावों और आपत्तियों का पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आमजन से भी अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

बैठक के बाद प्रेक्षक उत्तम सिंह चौहान ने कर्णप्रयाग स्थित मतदान केंद्र संख्या-26 एवं 27 (पीएम श्री वीसी दरवान सिंह नेगी राजकीय इंटर कॉलेज) तथा मतदान केंद्र संख्या-28 (प्राथमिक विद्यालय कर्णप्रयाग-द्वितीय) का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित बीएलओ को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ पुनरीक्षण कार्य संपादित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, एसडीएम कर्णप्रयाग अलकेश नोडियाल, एसडीएम थराली यशवीर सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी धीरेंद्र चंद्र सती, विभिन्न विभागों के अधिकारी, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य उपस्थित रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

error: Content is protected !!