गोपेश्वर (चमोली)। गैरसैण में प्रस्तावित विधानसभा सत्र को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सत्र से पहले सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी कर ली जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर तत्काल सुधार किया जाए।
एनआईसी वीसी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने रुद्रप्रयाग से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को निर्देश दिए कि सत्र से जुड़ी तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ स्थलीय निरीक्षण भी किया जाए। उन्होंने जल संस्थान को पेयजल भंडारण क्षमता बढ़ाने और पुलिस बैरक के लिए अलग पेयजल लाइन की व्यवस्था करने को कहा। शहरी विकास विभाग और जिला पंचायत को पर्याप्त मोबाइल व स्थायी शौचालय, स्वच्छता तथा कूड़ा निस्तारण की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने, जबकि लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत, सफाई और अन्य जरूरी कार्य समय से पूरा करने को कहा गया। पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात नियंत्रण, पार्किंग और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को सत्र के दौरान आवश्यक चिकित्सा टीम, एंबुलेंस और पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध रखने को कहा गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग अपने दायित्वों के अनुरूप मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लें और कमियों को सत्र से पहले दूर करें।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी समेत चिकित्सा, पेयजल, विद्युत, लोनिवि, ग्रामीण निर्माण, पुलिस, पूर्ति, शहरी विकास, जिला पंचायत और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
