खबर को सुनें

रुड़की। साइबर ठगों ने डेबिट कार्ड की वैधता समाप्त होने का झांसा देकर एक सब्जी विक्रेता के खाते से हजारों की रकम साफ कर दी। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र निवासी मुकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह सब्जी विक्रेता है। उसने दिल्ली रोड पर दुकान खोल रखी है। साथ ही वह आसपास के क्षेत्र में लगने वाले पीठ बाजार में भी सब्जी बेचने जाता है। शुक्रवार सुबह वह भगवानपुर में लगने वाले पीठ बाजार में गया था। इस बीच उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि वह बैंक कर्मचारी है।

बताया कि उनके डेबिट कार्ड की वैधता समाप्त हो गई। नए कार्ड के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया अपनानी पड़ेगी। इस पर कॉल करने वाले को मुकेश ने बताया कि वह ऑनलाइन प्रक्रिया नहीं जानता है।

इस पर कॉल करने वाले ने बताया कि बैंक की ओर से एक लिंक भेजा जा रहा है। उसे खोलकर कुछ औपचारिकता पूरी करनी होगी। कुछ देर बाद एक लिंक आया उसने खोलकर देखा तो कुछ नहीं दिखा। कुछ देर बाद खाते से सोलह हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। उसने उस नंबर पर कॉल की तो वह बंद आया। कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

error: Content is protected !!