देवभूमि उत्तराखंड - वित्तीय प्रबंधन में श्रेष्ठ प्रदर्शन
खबर को सुनें

स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क की बदहाली पर सरकार को घेरा

गैरसैंण (चमोली)। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण क्षेत्र की लंबित जनसमस्याओं का समाधान न होने पर कांग्रेस ने आंदोलन का ऐलान किया है। कांग्रेसियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो एक दिसंबर से धरना-प्रदर्शन और क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा। इस संबंध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम अबरार अहमद के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा।

ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि गैरसैंण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू करने और उप जिला चिकित्सालय का संचालन करने की मांग लंबे समय से की जा रही है। साथ ही अस्पताल में सर्जन, फिजिशियन, हड्डी रोग, बाल रोग और महिला रोग विशेषज्ञों की नियुक्ति करने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों के लिए ओपीडी और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की गई।

उन्होंने गैरसैंण क्षेत्र की सभी सड़कों के डामरीकरण और सुधारीकरण, राजकीय पॉलिटेक्निक में सिविल इंजीनियरिंग और फार्मेसी की कक्षाएं शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि औषधीय एवं सगंध पादप संस्थान हरगढ़ (भरसार) में पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति की जाए और पिछले दो-तीन वर्षों से बंद पड़ी कक्षाओं का संचालन शुरू किया जाए। इसके अलावा गैरसैंण में केंद्रीय विद्यालय खोलने और राजकीय महाविद्यालय में एमएससी की कक्षाएं शुरू करने की मांग की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं की लगातार अनदेखी हो रही है। मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर एक दिसंबर से आंदोलन शुरू किया जाएगा।

इस दौरान युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मनमोहन नेगी, सेवादल जिलाध्यक्ष सुरेंद्र रावत, जगदीश ढौंडियाल समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

error: Content is protected !!