खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के जोशीमठ के रविग्राम खेल मैदान में गौरादेवी पर्यावरण एवं सामाजिक विकास समिति की ओर से चिपको आंदोलन की स्वर्ण जयंती पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया था। कार्यक्रम के दूसरे दिन बुधवार को समिति की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए छह लोगों को सम्मानित किया गया।  बुधवार को दूसरे दिन कार्यक्रम का उद्घाटन बागवानी बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र जुयाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गौरादेवी ने पर्यावरण को बचाने के लिए जो कार्य किया है उसे देश ही नहीं दुनिया में भी पहचान मिली है। गौरादेवी ने पेड़ों को बचाने के लिए जो अलख जगायी थी उनके इस महान कार्य को भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में रहने वाला हर व्यक्ति देश का प्रहरी है। कार्यक्रम में प्रकृति प्रेमी समाजसेवी जनदेश संस्था के सचिव लक्ष्मण सिंह नेगी, पर्यावरण संरक्षण के लिए पेड़वाले गुरूजी धन सिंह घरिया, हस्तशिल्प के लिए नर्मदा देवी, जड़ी बूटी संरक्षण के लिए वैशाख सिंह रावत, स्वरोजगार के लिए मंजू देवी, शिक्षा के क्षेत्र में सुरेंद्र सिंह राणा को यह सम्मान दिया गया। इस अवसर पर महिला मंगल दलों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये। कार्यक्रम में निर्वतमान नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र पंवार, हरीश भंडारी, आयोजन समिति के पुष्कर सिंह राणा, वैशाख सिंह राणा, धन सिंह बिष्ट, लक्ष्मण सिंह फरकिया, बीकेटीसी के पूर्व धर्माधिकारी भुवन उनियाल आदि मौजूद थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!