- -हरियाली स्वायत्त सहकारिता की अध्यक्ष ने रीप परियोजना प्रबंधक पर लगाया दबाव बनाने और कर्मचारियों को धमकाने का आरोप
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले दशोली विकासखंड के देवर खडोरा स्थित हरियाली स्वायत्त सहकारिता में निर्माणाधीन संग्रहण केंद्र के निर्माण और भुगतान प्रक्रिया को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सहकारिता की अध्यक्ष ने जिला परियोजना प्रबंधक रीप पर वित्तीय अनियमितताओं के बावजूद ठेकेदार को भुगतान कराने के लिए क्लस्टर कर्मचारियों पर दबाव बनाने और विरोध करने पर कार्मिकों का वेतन रोकने व नौकरी से हटाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, संग्रहण केंद्र का निर्माण करीब 12 लाख 28 हजार 400 रुपये की लागत से कराया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य से संबंधित कोटेशन, कार्यादेश, तकनीकी स्वीकृति, बिल-वाउचर और अन्य जरूरी अभिलेखों का सत्यापन किए बिना ही ठेकेदार के पक्ष में भुगतान कराने का दबाव बनाया जा रहा है। जब उन्होंने नियमानुसार दस्तावेज उपलब्ध कराने और वित्तीय प्रक्रिया पूरी करने की बात कही तो उन पर अनुचित कार्य करने के लिए दबाव बनाया गया।
अध्यक्ष सीमा असवाल ने आरोप लगाया कि जिला परियोजना प्रबंधक (रीप परियोजना) की ओर से कर्मचारियों को बार-बार वेतन रोकने और नौकरी से बाहर करने की धमकियां दी जा रही हैं। इससे क्लस्टर कर्मचारियों में भय और मानसिक तनाव का माहौल है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी विकास कार्यों में बाधा नहीं डालना चाहते, लेकिन बिना वैध दस्तावेजों के भुगतान प्रक्रिया में शामिल होना उनके लिए भविष्य में वित्तीय अनियमितताओं की जिम्मेदारी का कारण बन सकता है।
शिकायती पत्र में संग्रहण केंद्र के निर्माण और वित्तीय लेनदेन की जांच कराने, कोटेशन, कार्यादेश, स्वीकृति पत्र, बिल-वाउचर, भुगतान रजिस्टर, माप पुस्तिका (एमबी) और गुणवत्ता प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराने की मांग की गई है। साथ ही जांच पूरी होने तक संबंधित अभिलेख सुरक्षित रखने और नियम विरुद्ध भुगतान पर रोक लगाने का अनुरोध किया गया है।
अध्यक्ष असवाल ने यह भी आशंका जताई है कि रीप परियोजना के तहत जिले की अन्य सहकारिताओं में बनाए जा रहे संग्रहण केंद्रों के निर्माण में भी इसी तरह की अनियमितताएं हो सकती हैं। उन्होंने सीडीओ से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और कर्मचारियों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की है।
