देवभूमि उत्तराखंड - वित्तीय प्रबंधन में श्रेष्ठ प्रदर्शन
खबर को सुनें

मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना की डीएम ने की समीक्षा

पॉलीहाउस, कीवी उत्पादन और खेतों की सुरक्षा के कामों में तेजी लाने के निर्देश

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के गैरसैंण ब्लॉक की ग्राम पंचायत सारकोट में कृषि, उद्यान और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत गांव में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने पर जोर दिया।

विभागवार समीक्षा बैठक में डीएम ने स्पष्ट किया कि गांव के विकास से जुड़ी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर काम करें और लंबित कार्यों में तेजी लाई जाए। मनरेगा के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने खंड विकास अधिकारी को जी-राम-जी के अंतर्गत प्रस्तावित और संचालित कार्यों को गति देने को कहा। उन्होंने शैडो जोन में ऑनलाइन हाजिरी से छूट प्राप्त कर आवश्यकतानुसार विकास कार्य जारी रखने के निर्देश दिए, ताकि तकनीकी दिक्कतों के कारण काम प्रभावित न हों।

उद्यान विभाग को पॉलीहाउस निर्माण, वर्मी कम्पोस्ट और मिशन कीवी के कार्यों में तेजी लाने को कहा। डीएम ने कहा कि गांव में खेती और उद्यानिकी को स्वरोजगार से जोड़कर ग्रामीणों की आजीविका मजबूत की जाए। कृषि विभाग को चयनित कृषि भूमि की सुरक्षा के लिए चेन लिंक फेंसिंग का काम प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया। स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर जिलाधिकारी ने चिकित्सा विभाग को गांव में जनस्वास्थ्य से जुड़े जरूरी कार्य शीघ्र पूरे करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी जय प्रकाश तिवारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. देवेंद्र बिष्ट समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

error: Content is protected !!