खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने नंदादेवी राजजात यात्रा की तैयारियों की समीक्षा बैठक में वर्ष 2026 में होने वाली नंदा राजजात यात्रा की तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी संदीप तिवारी की अध्यक्षता में मां नंदादेवी राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में वर्ष 2026 में होने वाली मां नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियां अभी से शुरू करने पर बल दिया गया। इस दौरान विश्व की सबसे लम्बे पैदल यात्रा के सुचारु और सफल संचालन के लिए यात्रा मार्ग को दुरुस्त करने को लेकर चर्चा की गई। डीएम ने  यात्रा मार्ग पर सड़क, पैदल मार्ग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, वाहन पार्किंग, स्वास्थ्य सुविधा सहित सभी यात्री सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से यात्रा मार्ग के कार्यों को अति आवश्यक, आवश्यक और धनराशि की उपलब्धता के आधार पर प्रस्तावित करें।  अधिकारियों को पूरे यात्रा मार्ग पर सड़क व पैदल मार्ग, पुल और शौचालयों की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यकता के अनुसार प्राथमिकता वाले कार्यों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा। मुख्यमंत्री की ओर से यात्रा मार्ग और पड़ावों पर की गई घोषणा के कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित करने के निर्देश दिए  ताकि समय से व्यवस्थाओं का दुरुस्त किया जा सके। यात्रा को सुगम बनाने के लिए विश्राम गृह, अस्थाई छायादार शेड निर्माण और यात्रा मार्ग संबंधी जानकारी के साइनेज स्थापना के लिए स्थानों का चयनित करने के निर्देश दिए।

डीएम तिवारी ने कहा कि यात्रा मार्गों पर पर सौंदर्यीकरण, दीर्घकालीन सुधार जैसे कार्यों के प्रस्ताव बजट के आवंटन के आधार पर किया जाएगा। यात्रा मार्ग पर सफाई व्यवस्था के लिए डीएम ने अधिकारियों को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा प्रबंधन अधिकारी को यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की विपरीत परिस्थिति से निपटने के लिए डीडीआरएन (डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर रिर्सोस नेटवर्क) स्थापित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करने की बात कही, ताकि निर्माण कार्यों में ओवरलैपिंग बचा जा सके। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डा अभिषेक त्रिपाठी, डीएफओ सर्वेश कुमार दुबे समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!