खबर को सुनें

पोखरी (चमोली)। पोखरी में वन तथा लोनिवि की आपत्तियों के कारण पार्किंग निर्माण अधर में लटक गया है। इससे आम जनजीवन जाम से हलकान होकर रह गया है। पोखरी नगर में पार्किंग सुविधा न होने से सड़कों पर वाहन आडे तिरछे खड़े किए जा रहे है। इससे हर रोज जाम लगना आम बात हो गई है। पोखरी-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग पर विनायकधार तिराहा, टावर कॉलोनी, पेट्रोल पंप से गोल मार्केट तक बार-बार जाम लगने से आमजन और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यालय, स्कूल-कॉलेज के समय समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है।

नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल व पार्षद गिरीश किमोठी ने बताया कि जाम से निजात दिलाने के लिए दो वर्ष पूर्व पोखरी-आली मोटर मार्ग पर गैरकटाह तोक में 52 लाख रुपये की लागत से पार्किंग निर्माण का टेंडर किया गया था। आरडब्ल्यूडी को कार्यदायी संस्था बनाया गया और ठेकेदार को 14 लाख रुपये का भुगतान भी किया गया, लेकिन वन विभाग की आपत्ति के चलते निर्माण कार्य रोक दिया गया। इसके अलावा गोदीबैड क्षेत्र में 55 लाख रुपये की पार्किंग योजना स्लाइडिंग के कारण निरस्त करनी पड़ी। बाद में चयनित नई जगह पर लोक निर्माण विभाग की आपत्ति लगने से वहां भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया। पार्किंग के अभाव में पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में जाम की समस्या बनी हुई है।

नगर पंचायत प्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन से दोनों पार्किंग स्थलों पर लगी आपत्तियां दूर कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की हैं ताकि नगरवासियों व यात्रियों को राहत मिल सके।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *