रूद्रप्रयाग। गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने के लिए 28 दिसम्बर से तीन जनवरी तक रुद्रप्रयाग में दिव्य धेनुमानस गौ राम कथा का आयोजन गौ क्रांति अग्रदूत गोपालमणि जी महाराज एवं आचार्य सीता शरण की ओर से किया जा रहा है। भारतीय गौ क्रांति मंच की जिलाध्यक्षा शकंतुला जगवाण ने बताया कि पूज्य गोपाल मणि महाराज के सानिध्य में सम्पूर्ण भारतवर्ष में गौ क्रांति हो रही है अधिक से अधिक संख्या में भारत के लोग गाय का वास्तविक अर्थ महत्व समझ रहे हैं। भारतीय गौ क्रांति मंच के युवा शाखा अध्यक्ष अवधेश सेमवाल ने कहा कि 27 दिसम्बर को कलश यात्रा अलकनंदा मंदाकिनी के संगम से गुलाबराय मैदान रुद्रप्रयाग तक निकलेगी, प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से सांय चार बजे तक कथा होगी। गौ माता को राष्ट्र माता के पद पर सुशोभित किये जाने के लिए पूरे देश मे आंदोलन चलाया जा रहा है । युवा कथाकार आचार्य सीता शरण से अनेक युवा गौ रक्षा के लिए प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने रुद्रप्रयाग एवं आस पास की जनता से धेनुमानस गौ राम कथा में पहुंच के पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की।

