खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। देवाल क्षेत्र में गैस वितरण के दौरान कथित घटतौली की शिकायत को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर जिला पूर्ति विभाग ने संबंधित गैस एजेंसी को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे ने बताया कि जीपीवीपीएन गैस सर्विस, थराली को नोटिस भेजते हुए पूरे प्रकरण पर विस्तृत जवाब मांगा गया है। प्राप्त शिकायत के अनुसार 9 जून को देवाल क्षेत्र में गैस वितरण के दौरान कथित रूप से घटतौली किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में गैस एजेंसी के एक कर्मचारी पर उपभोक्ताओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप गैस उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया गया है।

मामले को संज्ञान में लेते हुए जिला पूर्ति विभाग ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि मामले की तथ्यात्मक जांच की जा रही है और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि जांच में गैस वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता या उपभोक्ता हितों के विपरीत कार्य पाया जाता है तो संबंधित एजेंसी अथवा जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *