गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में डीजल तथा पेट्रोल का फिलहाल कोई संकट नहीं है। चारधाम यात्रा रूट पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन की उपलब्धता के चलते आवाजाही में किसी तरह की दिक्कतें नहीं आ रही हैं।
दरअसल चारधाम यात्रा मार्ग पर कुछ स्थानों पर ईंधन के संकट की समस्या सामने आई थी। इसमें कुछ पेट्रोल पंपों पर इस आशय का बोर्ड भी चश्पा किया गया था। इसके चलते ईंधन संकट की खबरें सामने आई थी। इस पर डीएम गौरव कुमार ने कहा कि जिले में पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। ईंधन आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। विभिन्न तेल कंपनियों के लोडर लगातार जनपद पहुंच रहे हैं और अधिकांश पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
डीएम ने बताया कि आईओसीएल और एचपी के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि पेट्रोल एवं डीजल की नियमित आपूर्ति जारी है। जीएमवीएन पीपलकोटी स्थित पेट्रोल पंप पर भुगतान लंबित होने के कारण कुछ समय के लिए आपूर्ति प्रभावित हुई थी, लेकिन अब डीजल का लोडर पहुंच चुका है और पेट्रोल की आपूर्ति भी जल्द बहाल कर दी जाएगी।
बताया कि पहले तेल कंपनियां क्रेडिट व्यवस्था पर ईंधन उपलब्ध कराती थीं, लेकिन अब केवल कैश भुगतान पर आपूर्ति किए जाने के नए नियम के चलते कुछ स्थानों पर अस्थाई दिक्कत सामने आई है। इसका असर खासतौर पर बीपीसीएल के पेट्रोल पंपों पर देखा गया, जबकि आईओसीएल और एचपी के अधिकांश पंपों पर स्थिति सामान्य बनी हुई है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों और यात्रियों से अपील की है कि वे घबराकर अनावश्यक ईंधन भंडारण न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक समन्वय के जरिए निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

