सेवायोजन कार्यालय गोपेश्वर में निजी कंपनियां करेंगी अभ्यर्थियों का चयन
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के युवाओं के लिए रोजगार का मौका है। जिला सेवायोजन कार्यालय गोपेश्वर में 25 सितंबर को सुबह 11 बजे रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में विभिन्न निजी कंपनियां और संस्थान युवाओं का चयन करेंगे।
रोजगार मेले में सिपैट की ओर से सहायक और मशीन ऑपरेटर पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए दसवीं और आईटीआई उत्तीर्ण तथा 18 से 35 वर्ष आयु के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। कैम्प 108 में अलग-अलग शैक्षिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा। इसके अलावा स्काइविंग एडवाइजरी प्राइवेट लिमिटेड में न्यूनतम स्नातक योग्यता वाले और एनएचआईटीआई में स्नातक सहित निर्धारित शैक्षिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। टाटा स्किल डेवलपमेंट सेंटर की ओर से हॉस्पिटेलिटी सेक्टर में 18 से 30 वर्ष आयु के युवाओं को रोजगार के अवसर दिए जाएंगे।
अभ्यर्थियों का चयन संबंधित नियोजकों की ओर से साक्षात्कार अथवा चयन परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। जिला सेवायोजन अधिकारी ने इच्छुक युवाओं से शैक्षिक और प्रशिक्षण प्रमाणपत्रों के साथ निर्धारित समय पर रोजगार मेले में पहुंचने की अपील की है।
