गोपेश्वर (चमोली)। छात्रसंघ चुनाव की तारीख नजदीक आते ही चमोली के महाविद्यालयों में चुनावी माहौल गरमा गया है। अध्यक्ष से लेकर अन्य पदों पर दावेदारी की तैयारी कर रहे छात्र नेता छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचकर समर्थन जुटा रहे हैं। गोपेश्वर और पोखरी महाविद्यालय में 29 सितंबर को मतदान होगा।
गोपेश्वर महाविद्यालय में चुनाव अधिसूचना जारी होने के साथ ही चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। 26 सितंबर को नाम वापसी और नामांकन पत्रों की जांच के बाद वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। 29 सितंबर को सुबह आठ से दोपहर एक बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। प्राचार्य एमपी नगवाल के अनुसार परिणाम जारी होने के बाद इसी दिन नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी। अधिसूचना जारी होते ही एबीवीपी और एनएसयूआई से जुड़े संभावित प्रत्याशी सक्रिय हो गए हैं। छात्र-छात्राओं से व्यक्तिगत संपर्क और समर्थन जुटाने का दौर शुरू हो गया है।
इधर, महाविद्यालय पोखरी में भी चुनावी हलचल बढ़ गई है। यहां अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों के लिए 29 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. योगेश प्रसाद भट्ट ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
पोखरी महाविद्यालय में अध्यक्ष पद पर राहुल सिंह और शिवम पंत, उपाध्यक्ष पद पर दिव्या और रितिका, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर प्रियांशु नेगी, अखिल सिंह और आकाश, सचिव पद पर सूरज और कोमल, सहसचिव पद पर हिमांशी और रोनिका तथा कोषाध्यक्ष पद पर महक और प्रियांशी ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। महाविद्यालय की प्राचार्य एवं संरक्षक डॉ. रीटा शर्मा ने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
