खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की 2026 में होने वाली हाईस्कूल तथा इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में कुल 9205 परीक्षार्थी भाग लेंगे। इसके लिए 107 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड परीक्षा तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में हुई तैयारी बैठक में जनपद में प्रस्तावित नए केंद्रों और सुचारु परीक्षा संपादित कराने को लेकर चर्चा की गई। एडीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को परीक्षाओं के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुचारु और निर्बाध परीक्षा संचालन के लिए सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर बल दिया। जनपद में परिषदीय परीक्षाओं के लिए चयनित विद्यालयों में कक्षा-कक्ष, बैठने व पानी की व्यवस्था के साथ ही शौचालय के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया।

मुख्य शिक्षा अधिकारी श्रीकांत पुरोहित ने बताया कि जनपद में परिषदीय परिषदीय परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए 107 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षा में जनपद के कुल 9205 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। 10वीं की परीक्षा में 2485 बालक और 2340 बालिकाएं प्रतिभाग करेंगे। 12वीं में 2154 बालक और 2226 बालिकाओं की ओर से परीक्षा में प्रतिभाग किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद के छह चयनित संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

इस मौके पर उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडेय, शंकर सिंह बिष्ट समेत अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *