खबर को सुनें
  • गंगा से गंगासागर तक चलेगा अभियान, 500 से ज्यादा लोग बने सहभागी

गोपेश्वर (चमोली)। भारत के प्रथम गांव माणा से रविवार को नशे के खिलाफ देशव्यापी अभियान शुरू किया गया। बदरीनाथ में देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव के दौरान सजग इंडिया की ओर से शुरू हुई इस मुहिम में सेना, गढ़वाल स्काउट, एनसीसी कैडेट्स और स्थानीय लोगों समेत 500 से अधिक लोग शामिल हुए। अभियान के तहत गंगा से गंगासागर और कश्मीर से कन्याकुमारी तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और शिक्षा, खेल तथा रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।

सजग इंडिया के अध्यक्ष ललित जोशी पिछले 18 वर्षों से स्कूल-कॉलेजों में युवा संवाद के जरिए नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चला रहे हैं। संस्था के अनुसार अब तक 1600 से ज्यादा स्कूल-कॉलेजों में कार्यक्रम हो चुके हैं और आठ लाख से अधिक युवाओं से सीधे संवाद किया गया है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता के साथ युवाओं को शिक्षा, खेल, रोजगार और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। इसी उद्देश्य से युवा संवाद को अभियान का प्रमुख माध्यम बनाया गया है।

आयोजकों ने बताया कि माणा से शुरू हुई मुहिम को आगे देश के दूसरे हिस्सों तक ले जाया जाएगा। इसमें सेना, एनसीसी, सामाजिक संगठनों और स्थानीय समुदायों को जोड़ा जाएगा।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

error: Content is protected !!