क्षेत्रिय जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से लगाई गुहार
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते जिले के खैनुरी गांव का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। लोग पैदल ही गांव से जरूरी सामान के लिए आस पास के बाजारों में आ रहे हैं। ग्रामीणों ने गुरूवार को जिलाधिकारी चमोली को एक ज्ञापन सौंप कर सड़क मार्ग खोले जाने की गुहार लगायी है।
ग्राम प्रधान रेखा देवी, विरेंद्र बिष्ट, संजीव कुमार, दर्शन सिंह, सुरज सिंह, दीपक कुंवर ने कहा कि गांव के समीप सैलवाणी तोक में पहाड़ी से मलवा आने के कारण पिछले 20 दिनों से सड़क अवरूद्ध हो गई है। जिससे गांव के 350 परिवार का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। जिससे ग्रामीणों को सात से आठ किलोमीटर पैदल आवाजाही कर अपने रोजमरा की सामग्री पैदल ही ढोनी पड रही है। कई बार जिला प्रशासन को इस संबंध में लिखित और मौखिक रूप से सूचना भी दे दी गई है। लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने जिलाधिकारी से गुहार लगायी है कि यथाशीघ्र सड़क मार्ग को खोला जाए।

