गोपेश्वर (चमोली)। पूर्व मुख्यमंत्री गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने बुधवार को चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर के सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक लेते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की संचालित सभी विकास कार्यों को अधिकारी गंभीरता से लें और गांव-गांव जाकर योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर समीक्षा करें। विकास कार्यों में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बुधवार को दिशा की बैठक में सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार का उद्देश्य गांव में शोषित वंचित एवं पात्र व्यक्ति को लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके इसके लिए पूरा प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने मनरेगा कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि मनरेगा का भुगतान त्वरित किया जाए। सांसद ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, किसान पेंशन,, अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति छात्र-छात्राओं के लिए आवंटित किए जा रहे छात्रवृत्ति एवं अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति के कल्याण के लिए समाज कल्याण विभाग की ओर से चलाई जा रही है अनेकों योजनाओं की समीक्षा भी की। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के कार्यों की प्रगति उन्होंने कहा कि जिले में अंतरवर्ती क्षेत्रों को जोड़ने के लिए महत्वकांक्षी योजना प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से जोड़कर जनता को लाभ मिल सके इसके लिए अधिकारी योजना की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। जल मिशन के तहत हर घर नल हर घर जल योजना के तहत किए जा रहे कार्यो की भी समीक्षा करते हुए सांसद ने कहा कि छूटे हुए सभी गांवों और लाभार्थियों को जल्द से इससे जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी आदि मूलभूत समस्याओं के निदान के लिए सबको प्रयत्न करते हुए जरूरतमंद को लाभ पहुंचाना है।
पीडी आनन्द सिंह ने सांसद को जिले में संचालित केन्द्र पोषित योजनाओं की प्रगति से अवगत कराते हुए कहा कि वर्ष 2022 के लिए मनरेगा में मानव दिवस सृजन के लिए वार्षिक लक्ष्य 19.38 के सापेक्ष अब तक 1.45 लाख मानव दिवस सृजित किए गए हैं। एनआरएलएम के तहत इस वर्ष 637 लक्ष्य के सापेक्ष 20 एसएचजी का गठित किए गए है। जल जीवन मिशन में घरेलू जल संयोजन 2335 भौतिक लक्ष्य के सापेक्ष 1778 जल संयोजन कर दिए गए है। पीएम आवास ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2020.21 में 1115 तथा वर्ष 2021.22 में 245 सहित कुल 1360 का लक्ष्य है। जिसमें 1064 को दूसरी किस्त अवमुक्त की जा चुकी है।
इस अवसर पर कर्णप्रयाग के विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भोपाल राम टम्टा, जिलाध्यक्ष भाजपा रघुवीर सिंह बिष्ट, सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार डिमरी, नगर पंचायत अध्यक्ष हिमानी वैष्णव, शैलेंद्र पंवार, प्रमुख शशि देवी, यशपाल सिंह नेगी, हरीश परमार, देवेश्वरी देवी आदि मौजूद थे।

