गोपेश्वर (चमोली)। जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अस्पतालों के निर्माण कार्य समय पर पूरा करने पर जोर दिया है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति समीक्षा करते हुए डीएम तिवारी ने अस्पतालों के निर्माण कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा करने पर बल दिया है। उन्होंने भौतिक एवं वित्तीय प्रगति में तेजी लाने पर भी जोर दिया। डीएम ने गोपेश्वर में 2072.21 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक में पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण से नक्शे का अनुमोदन शीघ्र कराने को कहा। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि गोपेश्वर में क्रिटिकल केयर ब्लॉक का कार्य प्रगति पर है। इसे इसी दिसंबर माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। सिमली के बेस अस्पताल में 42 बेड के बाल चिकित्सा देखभाल केंद्र का कार्य 99 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। जिला एकीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य लैब(आईपीएचएल) का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है और शेष कार्य अवशेष धनराशि प्राप्त होते ही शुरू हो जाएगा। बताया कि गैरसैंण, पोखरी, थराली, नारायणबगड़ एवं नंदानगर  विकासखंडों में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट्स के निर्माण कार्य के लिए 50-50 लाख की धनराशि स्वीकृत की गयी है। इन कामों को भी तेजी से संचालित किया जा रहा है।  गैरसैण में 50 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण  हो चुका है शेष कार्य प्रगति पर है। पोखरी में कार्यस्थल पर पेड़ होने के कारण कार्य रुका है। इसका जल्द निस्तारण कर काम शुरू कर दिया जाएगा। नंदानगर में 90 प्रतिशत  निर्माण कार्य पूर्ण हो  चुका है। सीएमओ ने बताया थराली और  नारायणबगड़ में निर्माण कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण होने के चलते भवन स्वास्थ्य विभाग को हस्तानातंरित कर दिया गया है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी समेत अन्य सम्बंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *