खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। समस्या लेकर सरकारी दफ्तरों तक पहुंचने के बजाय जब अधिकारी गांव के करीब पहुंचे तो शिकायतों का समाधान भी वहीं हो गया। गैरसैंण में सेवा संकल्प अभियान के तहत लगाए गए जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर में ग्रामीणों की शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर में 155 लोगों ने भाग लिया और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने के साथ उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में ग्रामीणों ने अलग-अलग विभागों से जुड़ी अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और शिकायतों को सुनने के बाद आवश्यक कार्रवाई की। इससे लोगों को अपनी समस्याएं लेकर विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ी।

अभियान के तहत जिले में अब तक छह शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में कुल 2,260 लोगों की भागीदारी रही है। इस दौरान विभिन्न प्रमाणपत्र बनवाने के लिए 279 आवेदन भी प्राप्त हुए हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्रता और आवेदन की प्रक्रिया भी समझाई। शिविर में ग्रामीणों को विभागवार योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभ की जानकारी दी गई। पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए जरूरी प्रक्रिया भी पूरी कराई गई। अभियान का मकसद सरकारी सेवाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाना और स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान करना है।

इस दौरान ब्लॉक प्रमुख विनिता देवी, खंड विकास अधिकारी पवन कंडारी, तहसीलदार हरीश चंद्र, शिविर के नोडल अधिकारी सहायक निरीक्षक मत्स्य रितेश कुमार चंद्र आदि मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

error: Content is protected !!