खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। माकपा के राज्य कमेटी के पूर्व सदस्य व नंदानगर (घाट) के पूर्व प्रमुख राजपाल कन्याल का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। दिवंगत कन्याल का सोमवार को उनके पैतृक घाट नंदप्रयाग में अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने उन्हें अश्रृपूरित विदाई दी। राजपाल कन्याल कुछ दिनों से बीमारी के चलते जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती थे। रविवार की सांय को उन्होंने अंतिम सांस ली। सोमवार को राजनैतिक सम्मान के साथ उनका अलकनंदा और नंदाकिनी के तट पर अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र सुनील कन्याल, छोटे भाई मोहन राज कन्याल, सचिन कन्याल, रणजीत कन्याल ने उन्हें मुखाग्नि दी।

गौरतलब है कि राजपाल कन्याल ने वर्ष 1978 में चमोली जिले में गंगाधर नौटियाल, बचन सिंह, सुदर्शन कठैत के साथ मिल कर पार्टी की स्थापना की थी। तब से लगातार पार्टी में रहते हुए वे 18 साल तक सामान्य सीट से कांडई गांव प्रधान रहे। उसके बाद क्षेत्र पंचायत सदस्य बनने के बाद नंदानगर तत्समय घाट के प्रमुख भी रहे। दिवंगत कन्याल ने पार्टी में रहते हुए मजदूर, किसानों के लिए हर स्तर पर आवाज उठाते हुए आंदोलन भी किए। उनका जीवन सादगी भरा और संघर्षपूर्ण रहा। उनके जाने से एक युग का अंत हो गया है।

चमोली जिले के माकपा जिला सचिव मदन मिश्रा ने कहा कि कन्याल के जाने से पार्टी को अपूर्णीय क्षति हुई है। इसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती। उनकी मजदूर, किसान और समाप के प्रतिनिष्ठा को भुलाया नहीं जा सकता है। राजपाल कन्याल के अंतिम संस्कार में थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा, पूर्व विधायक थराली डा. जीत राम, माकपा के प्रदेश सचिव राजेंद्र पुरोहित, केंद्रीय कमेटी के सदस्य राजेंद्र सिंह नेगी, सीटू के राज्य सचिव लेखराज, रूद्रप्रयाग के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व पार्टी नेता गंगाधर नौटियाल, मन मोहन रौतेला, राजा राम सेमवाल, बस्ती लाल, मोहन सिंह रावत, भूपाल सिंह रावत, कुशल बिष्ट, मदन मिश्रा, पंकज कुमार, विजय मैठाणी, सीपीआई के पूर्व जिला सचिव विनोद जोशी आदि मौजूद थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *