खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। भाजपा से लगातार खा रही मात के चलते मायूस हो चले कांग्रेस कार्यकर्ताओं में प्रदेश प्रभारी सुश्री शैलजा जोश भर गई। उन्होंने यहां तक कह डाला कि अब विधानसभा चुनाव कांग्रेस कार्यकर्ताओं के रहमोकरम पर ही निर्भर करेगा।

जिला मुख्यालय गोपेश्वर में पहली बार जनपदभर से आए कार्यकर्ता प्रदेश प्रभारी की बैठक में भाग लेने को उत्साह से लबरेज दिखाई दिए। इसके चलते पहली बार गुटीय वर्चस्व की झलक बैठक में नहीं दिखाई दी। इस बैठक में प्रदेश के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी के चलते कांग्रेस कार्यकर्ताओं में प्रदेश प्रभारी जोश भर गई। पहली बार बड़ी संख्या में कांग्रेसी इस बैठक में भाग लेने को एकजुट दिखाई दिए। इसके चलते ही प्रदेश प्रभारी यह कहने से नहीं चुकी कि अब विधानसभा चुनाव कांग्रेस वर्करों के रहमोकरम पर ही निर्भर है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्याशी नहीं अपितु कांग्रेस को सत्ता में लाने का जिम्मा कार्यकर्ताओं का होगा। इसलिए उन्हें गुटीय वर्चस्व से दूर रहकर कांग्रेस की सत्ता में वापसी के लिए समर्पित होकर काम करना होगा। कहा कि बड़े नेताओं में तो गिले शिकवे होते रहते हैं किंतु कार्यकर्ताओं में गिले शिकवे नहीं होते। इसलिए बड़े नेताओं को भी किसी तरह की बयानबाजी में संयम बरत कर अनुशासन को कायम रखना चाहिए। इसका असर सीधे कार्यकर्ताओं पर पड़ता है। कार्यकर्ताओं को उत्साह से लबरेज करने की दिशा में काम करना होगा। इसमें ही कांग्रेस का भविष्य निर्भर करेगा। कहा कि सिर पर आया विधानसभा चुनाव सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं है। अब देखना यह है कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने प्रदेश प्रभारी के निर्देशों को किस तरह अमल में लाते है। इस पर ही कांग्रेस का भविष्य निर्भर करेगा। भाजपा में तो अनुशासन के चलते कार्यकर्ता एक दूसरे के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी नहीं करते। यहां तक की बड़े नेता भी ऊल जुलूल बयानबाजी नहीं करते हैं। भाजपा का हर कार्यकर्ता किसी भी चुनाव को फतह करने को एकजुट हो जाता है। इसी आधार पर अब कांग्रेस कार्यकर्ता भी पार्टी की जीत को अपना मूल मंत्र मान कर चलेंगे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *