गोपेश्वर (चमोली)। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। नगर कांग्रेस कमेटी की शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में संगठन के विस्तार के साथ चुनावी तैयारियों पर चर्चा की गई। इस दौरान विभिन्न प्रकोष्ठों में सात पदाधिकारियों की नियुक्ति कर उन्हें संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नगर अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह गरोड़िया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सबसे पहले डॉ. विजय हिंदवाल को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से सोशल मीडिया का प्रदेश महासचिव नियुक्त किए जाने पर स्वागत और अभिनंदन किया गया। कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उन्हें नई जिम्मेदारी की बधाई दी। वक्ताओं ने कहा कि सोशल मीडिया वर्तमान समय में संगठन की गतिविधियों, विचारधारा और जनहित के मुद्दों को आम लोगों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। ऐसे में डॉ. हिंदवाल की नियुक्ति से पार्टी के प्रचार-प्रसार को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
बैठक में नगर कांग्रेस कमेटी का विस्तार करते हुए राजेंद्र लाल को नगर उपाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा जयपाल को अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ, सूरज टकोला को अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ, वासुदेव राणा को श्रम प्रकोष्ठ और दिगंबर सिंह रावत को किसान प्रकोष्ठ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं सुनील बिष्ट दीपू को उद्योग व्यापार प्रकोष्ठ तथा मनीष नेगी सगर को एनजीओ प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र देकर फूलमालाओं से स्वागत किया गया। बैठक में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने कहा कि चुनाव में बेहतर भूमिका निभाने के लिए संगठन को केवल नगर स्तर तक सीमित न रखकर वार्ड और बूथ स्तर तक सक्रिय करना होगा। इसके लिए सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर काम करने की जरूरत है।
बैठक में जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने, आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने और पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय होने का आह्वान किया गया।
इस दौरान वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, जिला महासचिव संदीप झिंक्वाण, सेवानिवृत्त कर्मचारी-शिक्षक जिलाध्यक्ष गिरीश आर्य, नगर महामंत्री राकेश बिष्ट, हरीश कुमार समेत नवनियुक्त पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
