शेलेश्वर शिवालय में 23 को रखी जाएंगी छंतोलियां
गोपेश्वर (चमोली)। हिमालय में नंदादेवी राजजात यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके तहत छिमटा के शिल्पकार छंतोली को कांसूवा के राज कुंवरों के सुपुर्द 21 जनवरी को करेंगे। इसके बाद राज कुंवर छंतोली लेकर 22 को राज पुरोहितों के गांव नौटी पहुंचेगे। 23 जनवरी को छंतोलियों की पूजा अर्चना होगी। इसके बाद छंतोली शेलेश्वर शिवालय में छंतोलियों को रखा जाएगा। छंतोलियों की पूजा अर्चना के पश्चात भगवान शिव शंकर को नंदा राजजात आयोजित करने की सूचना दी जाएगी।
नंदादेवी राजजात समिति के महामंत्री भूवन नौटियाल ने बताया कि छंतोलियों को शेलेश्वर स्थित शिवालय में धार्मिक रीति रिवाजों के बीच रखने की परंपरा अनादिकाल से चली आ रही है। एक तरह से यह हिमालय में विराजमान भगवान शिव को राजजात आरंभ करने की सूचना मानी जाती है। इसी निमित्त नंदा राजजात यात्रा प्रारंभ होने पर इस तरह का का आयोजन करने की परंपरा है। बताया कि छंतोलियां भी छिमटा गांव के राज मिस्त्री करते हैं। यह परंपरा भी अनादिकाल से चली आ रही है।
चमोली जिला प्रशासन से लेकर सरकार तक इस साल अगस्त अथवा सितंबर माह में आयोजित होने वाली राजजात यात्रा को लेकर तैयारियों में जुट गया है। वर्ष 2014 में नंदा राजजात का आयोजन हुआ था। 280 किमी यह पैदल यात्रा होमकुंड तक जाती है। इसके चलते अभी से पूरा सरकारी अमला बुनियादी सुविधाओं को जुटाने की तैयारियों में जुट गया है। इसके चलते तमाम निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो गए हैं।

