खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। आगामी 23 अप्रैल को खुलने जा रहे श्री बदरीनाथ मंदिर के कपाट की तैयारियों को लेकर बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बदरीनाथ धाम का जायजा लिया। सीईओ थपलियाल ने बदरीनाथ धाम पहुंच कर यात्रा पूर्व तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभी से तैयारियों को सुदृढ़ करने पर बल दिया। बदरीनाथ धाम में उन्होंने आईएसबीटी स्वागत कार्यालय, मंदिर परिसर, दर्शन पंक्ति, यात्री विश्राम गृह, सिंहद्वार परिसर, तप्त कुंड तथा गांधी घाट का जायजा लेते हुए शीतकाल में बदरीनाथ धाम की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा बल और मंदिर समिति के स्वयं सेवकों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। थपलियाल ने मंदिर के सौंदर्यीकरण, विद्युत, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था आदि को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाओं को यात्रा पूर्व सुदृढ किया जाना चाहिए। इस दौरान बदरीनाथ मंदिर सुरक्षा में तैनात स्वयं सेवक दर्शन सिंह कोटवाल, मोहन सिंह राणा, दिनेश रावत, पान सिंह समेत आईटीबीपी, पुलिस, एसडीआरएफ तथा बदरीनाथ पुनर्निर्माण से जुड़ी एजेंसी के अधिकारी व कार्मिक मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

error: Content is protected !!