खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन-जन के द्वार, जन-जन की सरकार कार्यक्रम में बदरीनाथ से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला की मौजूदगी राजनीतिक चर्चाओं का विषय बन गई है। सरकारी कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति और मुख्यमंत्री के कार्यों की सार्वजनिक सराहना के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

कार्यक्रम के दौरान विधायक लखपत बुटोला ने मुख्यमंत्री धामी के पांच वर्षीय कार्यकाल के कुछ विकास कार्यों की सराहना की अपितु मौजूद लोगों से कई बार तालियां भी बजवाई। इस दौरान उन्होंने चमोली जिले से जुड़े मुद्दों, जिनमें मेडिकल कॉलेज, विकास प्राधिकरण के नियमों में शिथिलीकरण और पोखरी में उप जिला चिकित्सालय की मांग शामिल है, उन्हें भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

इधर, जिस समय देहरादून में कांग्रेस राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सरकार पर हमलावर थी, उसी दौरान गोपेश्वर में कांग्रेस विधायक की सरकारी मंच पर मौजूदगी ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी। इसे लेकर राजनीतिक विश्लेषकों के बीच अलग-अलग राय सामने आ रही है।

कुछ लोग इसे लोकतांत्रिक परंपरा और जनप्रतिनिधि के रूप में राजनीतिक शिष्टाचार मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे बदलते राजनीतिक समीकरणों के संकेत के रूप में देख रहे हैं। भाजपा समर्थक इसे सकारात्मक संदेश बता रहे हैं, वहीं विपक्षी खेमे में भी इस उपस्थिति को लेकर चर्चा तेज है।

हालांकि, विधायक लखपत बुटोला या कांग्रेस की ओर से इस संबंध में कोई राजनीतिक टिप्पणी सामने नहीं आई है। ऐसे में इस घटनाक्रम को लेकर लगाए जा रहे राजनीतिक निष्कर्ष फिलहाल अटकलों के दायरे में हैं। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर प्रदेश की राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

error: Content is protected !!