खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत (शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा उत्तराखंड में पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी 17 से 23 जून 2022 तक राजकीय इंटर कॉलेज, गोपेश्वर, चमोली में लगाई जाएगी।

राष्ट्रीय पुस्तक न्यास का मुख्य उद्देश्य अत्यंत किफायती मूल्यों पर उच्च कोटि की पुस्तकों का प्रकाशन कर देश के विभिन्न भागों में आम पाठकों तक पहुँचाना है। अपने इसी सिद्धांत की पूर्ति दूर-दराज क्षेत्रों में पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए न्यास ने देश के सीमावर्ती जनपदों में पुस्तक प्रदर्शनियों और सचल प्रदर्शनियों का आयोजन किया है। आज़ादी का अमृत महोत्सव अंतर्गत सीमावर्ती जनपद इलाकों में प्रदर्शनियां आयोजित करने का यह प्रथम चरण है जिसमें चमोली, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी में प्रदर्शनियां लगायी जाएंगी।

इस पुस्तक प्रदर्शनी में न्यास द्वारा प्रकाशित हिंदी, अंग्रेजी के अलावा गढ़वाली, नेपाली व कुमाऊनी जैसी क्षेत्रीय भाषाओं में भी पुस्तकें होंगी। इसके अलावा सभी आयु वर्ग के पाठकों के लिए विभिन्न विषयों पर कहानी, उपन्यास, महापुरुषों की जीवनियों, लोकोपयोगी विज्ञान, भारत देश और लोग व अन्य विषयों पर गुणवता और किफायती पुस्तकें उपलब्ध होंगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत न्यास द्वारा बच्चों के लिए प्रकाशित द्विभाषी पुस्तकों के साथ-साथ परमवीर चक्र से सम्मानित सैनानियों पर पर आधारित पुस्तकों का विशेष संकलन भी मौजूद होगा। प्रदर्शनी में न्यास की नई श्रृंखला इंडिया @ 75 भी प्रदर्शित की जाएगी जो पाठकों को हमारे स्वतंत्रता सैनानियों के जीवन और संघर्षों से परिचित कराती है।

प्रदर्शनी का उद्घाटन 17 जून को अटल उत्कृष्ट श्री 1008 गीता स्वामी राजकीय इंटर कॉलेज, गोपेश्वर चमोली, उत्तराखंड में किया जाएगा। प्रदर्शनी का समय प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक होगा। पुस्तकों की खरीद पर सभी पुस्तक प्रेमियों को 10% व संस्थानों को 25% तक की छूट प्रदान की जाएगी। भारतीय सीमा पर तैनात रक्षा बल के जवानों और कर्मचारियों के लिए ख़ास ऑफर भी उपलब्ध कराये जाएंगे। प्रदर्शनी में प्रवेश निःशुल्क है और सभी का स्वागत है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!