- गोपेश्वर बस स्टैंड पर लोगों से कराए हस्ताक्षर
- 30 नवंबर तक प्रदेशभर में चलेगा अभियान
गोपेश्वर (चमोली)। भाजपा सरकार के नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने प्रदेशभर में विशेष हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 10 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत गुरुवार को नगर कांग्रेस कमेटी गोपेश्वर ने बस स्टैंड पर हस्ताक्षर अभियान चलाया। नगर अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह गरोड़िया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील की। इस दौरान कई लोगों ने बैनर और पंपलेट पर हस्ताक्षर कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, गणेश जोशी और धन सिंह रावत पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। पार्टी इन नेताओं के खिलाफ जनता के बीच हस्ताक्षर जुटाकर अपना विरोध दर्ज करा रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अभियान के माध्यम से प्रदेश सरकार के कामकाज और मंत्रियों पर लगे आरोपों को जनता के सामने रखा जा रहा है। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों और नगर क्षेत्रों में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। 30 नवंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
गोपेश्वर में आयोजित अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड पर बैनर और पंपलेट लेकर लोगों से संपर्क किया। कार्यकर्ताओं ने राहगीरों और स्थानीय लोगों को अभियान के उद्देश्य की जानकारी दी और हस्ताक्षर करने का आग्रह किया। नगर कांग्रेस कमेटी ने अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, महिला जिलाध्यक्ष ऊषा रावत, कुंवर सिंह भंडारी, जिला सचिव योगेंद्र बिष्ट, नगर महिला अध्यक्ष विजया कंडारी, नगर महामंत्री राकेश बिष्ट, जयवीर नेगी, प्रदीप नेगी, नगर सचिव सत्येंद्र पुंडीर, विक्रम शाह, नगर मीडिया प्रभारी शिवांग भट्ट, ऊषा फरस्वाण, जगत लाल, पार्षद उमेश सती, मुकुल बिष्ट, सावित्री कोहली, वीना रावत, अंजलि पोखरियाल, विक्रम नेगी, सोहन आर्य, हीरा लाल आदि मौजूद रहे।
