देवभूमि उत्तराखंड - वित्तीय प्रबंधन में श्रेष्ठ प्रदर्शन
खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। पोखरी ब्लॉक की चंद्रशिला पट्टी के गांवों में भालू का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार रात भालू ने कांडई-चंद्रशिला और जखमाला गांव में दो गौशालाएं तोड़कर दो गायों को मार डाला। क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों और पशुपालकों में दहशत है। वहीं वन विभाग के प्रति लोगों का आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है।

मंगलवार देर रात भालू ने कांडई-चंद्रशिला निवासी जगदीश प्रसाद किमोठी की गौशाला तोड़कर गाय को मार डाला। दूसरी घटना जखमाला गांव में हुई, जहां भालू ने मुर्खल्या सिंह की गौशाला तोड़कर गाय को निवाला बना लिया।

ग्रामीणों के अनुसार, तीन सितंबर को सिदेली गांव में भालू के हमले से चट्टान से गिरकर जेठानी-देवरानी की मौत के बाद से चंद्रशिला पट्टी में भालू लगातार सक्रिय है। कांडई-चंद्रशिला, रडुवा, जौरासी, किमोठा, डुगर, सलना, बगथल, भिकोना और खन्ना समेत विभिन्न गांवों में अब तक भालू 14 घटनाओं को अंजाम दे चुका है। इन घटनाओं में गौशालाएं तोड़कर गाय-बैलों को मारने के साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।

कांडई-चंद्रशिला के ग्राम प्रधान भगत सिंह भंडारी और किमोठा के प्रधान हरिकृष्ण किमोठी सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित पशुपालकों को उचित मुआवजा देने और भालू के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।

घटनाओं की सूचना पर केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की नागनाथ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं और वन आरक्षी मनीष राणा कांडई-चंद्रशिला पहुंचे। वहीं वन दरोगा मोहन सिंह बर्त्वाल ने जखमाला पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन अधिकारियों ने बताया कि मारे गए मवेशियों के मुआवजे के लिए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।

भालू की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने कांडई-चंद्रशिला, तोणजी और जखमाला ग्राम पंचायतों में वन गोष्ठियां आयोजित कर ग्रामीणों को बचाव के उपाय बताए। वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं ने ग्रामीणों को गौशालाओं के आसपास सुबह-शाम आग जलाने तथा उसमें मिर्च और मॉर्टिन जलाने की सलाह दी। भालू दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने को कहा गया। महिलाओं को सुरक्षा के लिए सीटियां भी वितरित की गईं। इसके अलावा गांवों में भालू और अन्य जंगली जानवरों से बचाव के लिए ग्रामीण वॉलंटियर फोर्स तैनात की जा रही है। इन्हें वर्दी, टॉर्च, डंडे और पटाखे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

error: Content is protected !!