- 16 नवंबर की रात 9ः37 बजे शीतकाल के लिए बंद होंगे कपाट
- पहले दिन गणेश मंदिर के कपाट हुए बंद
गोपेश्वर (चमोली)। विश्व प्रसिद्ध भगवान बदरी विशाल के धाम में शीतकालीन कपाट बंद होने की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई। पांच दिनों तक चलने वाली पंच पूजाओं के पहले दिन भगवान गणेश की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद गणेश मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। वैदिक परंपराओं के अनुसार पंच पूजाओं के समापन पर 16 नवंबर की रात 9 बजकर 37 मिनट पर बदरीनाथ धाम के कपाट बंद कर दिए जाएंगे।
कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने के साथ ही धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। मंदिर परिसर के सिंहद्वार पर दिनभर तीर्थयात्रियों की भीड़ जुट रही है। इस यात्रा सीजन में अब तक 22 लाख 73 हजार श्रद्धालु धाम पहुंचकर दर्शन कर चुके हैं।
पांच दिनों तक निभाई जाएगी पंच पूजा की परंपरा
बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने से पहले पंच पूजा की विशेष धार्मिक परंपरा निभाई जाती है। इसके तहत 13 नवंबर को अन्नकूट उत्सव आयोजित किया जाएगा। इसी दिन आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद होंगे। 14 नवंबर को खड्ग-पुस्तक पूजन के साथ वेद ऋचाओं के वाचन को विराम दिया जाएगा। 15 नवंबर को माता लक्ष्मी को भगवान बदरी विशाल के गर्भगृह में विराजमान होने का आमंत्रण दिया जाएगा। इस अवसर पर पारंपरिक कढ़ाई भोग अर्पित किया जाएगा।
17 नवंबर को शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगी डोलियां
पंच पूजा के अंतिम दिन 16 नवंबर को विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के बाद रात 9ः37 बजे मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। अगले दिन 17 नवंबर को भगवान उद्धव और कुबेर जी की उत्सव डोलियों के साथ आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी और गरुड़ जी की डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होगी।
भगवान उद्धव और कुबेर जी की डोलियां पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बदरी मंदिर पहुंचेंगी, जबकि आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में विराजमान होगी। इसके साथ ही बदरीनाथ धाम की शीतकालीन धार्मिक व्यवस्थाएं शुरू हो जाएंगी।
