दस दिन पहले अल्टीमेटम के बाद भी नहीं सुधरी स्वास्थ्य सेवाएं
मंडल अध्यक्ष और उपाध्यक्ष समेत युवा बैठे अनशन पर
अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की मांग
थराली (चमोली)। प्रदेश में भाजपा की सरकार है, लेकिन थराली में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी ही अपनी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्थाओं से नाराज भाजयुमो नेताओं ने अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार से आंदोलन शुरू कर दिया। युवाओं ने साफ किया कि मांगों पर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत थराली युवा संघर्ष समिति के बैनर तले पदाधिकारी और क्षेत्र के युवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली के परिसर में एकत्र हुए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद समिति अध्यक्ष एवं भाजयुमो मंडल अध्यक्ष संजय जोशी, मंडल उपाध्यक्ष कैलाश जोशी समेत अन्य युवा अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।
आंदोलनकारियों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए दस दिन पहले ही शासन-प्रशासन को अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद अस्पताल की व्यवस्थाओं में कोई सुधार नहीं हुआ। बार-बार मांग उठाने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों और सरकार की ओर से कार्रवाई नहीं होने पर युवाओं को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उप जिलाचिकित्सालय बनाए जाने की सीएम की घोषणा के बाद भी अभी तक इसका शासनादेश जारी नहीं किया गया है। आंदोलनकारियों ने कहा कि उनकी पांच सूत्रीय मांग में अल्ट्रासांउड, एक्स-रे मशीन लगाए जाने, संपूर्ण पैरा मेडिकल स्टाफ की तैनाती किए जाने, विशेषज्ञ चिकित्सों की तैनाती तथा उप जिला चिकित्सालय का शासनादेश जारी किया जाना शामिल है।
धरना स्थल पर पहुंचे यूकेडी नेता मोहन राम आर्य ने युवाओं की मांगों को जायज बताते हुए आंदोलन को समर्थन दिया। इस दौरान पवन रावत, हरीश चंदोला, केदार पंत, योगेश देवराड़ी और सावन बिष्ट समेत कई युवा मौजूद रहे।
50 हजार की आबादी के लिए रेफर सेंटर बना अस्पताल
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख अस्पतालों में शामिल है। थराली, देवाल और नारायणबगड़ तहसीलों की करीब 50 हजार आबादी इस अस्पताल पर निर्भर है। इसके बावजूद यहां लंबे समय से जरूरी जांच सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों का अभाव बना हुआ है। अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की मांग लगातार उठती रही है, लेकिन स्थिति जस की तस है। जांच और उपचार की पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने से मरीजों को दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। गंभीर मरीजों को भी अन्य अस्पतालों के लिए रेफर किया जाता है। ऐसे में क्षेत्र का यह प्रमुख अस्पताल रेफर सेंटर बनकर रह गया है।
सत्ता पक्ष के युवा नेताओं का आंदोलन बना चर्चा का विषय
आंदोलन की सबसे अहम बात यह है कि भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को अपनी ही पार्टी की सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर अनशन पर बैठना पड़ा है। सत्ता पक्ष के युवा नेताओं के इस तेवर ने थराली की स्वास्थ्य व्यवस्था और सरकारी दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
