देवभूमि उत्तराखंड - वित्तीय प्रबंधन में श्रेष्ठ प्रदर्शन
खबर को सुनें

एसपी ने मासिक अपराध गोष्ठी में दिए निर्देश, गौचर मेले में बाहरी दुकानदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन अनिवार्य

गोपेश्वर (चमोली)। आगामी त्योहारी सीजन में चमोली के बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ेगी। शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग और नाबालिगों के वाहन चलाने पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। दीपावली पर पटाखों की दुकानें भीड़भाड़ वाले बाजारों के बजाय खुले मैदानों में एक निर्धारित स्थान पर लगाई जाएंगी। गौचर मेले में बाहरी दुकानदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन भी अनिवार्य किया गया है।

शुक्रवार को पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने मासिक अपराध गोष्ठी एवं पुलिस कर्मचारी सम्मेलन में अधिकारियों को ये निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित फुट पेट्रोलिंग करने तथा व्यापारियों, वरिष्ठ नागरिकों और सीएलजी सदस्यों के साथ बैठक कर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को कहा।

एसपी ने दीपावली पर अग्नि सुरक्षा को लेकर गोपेश्वर, ज्योतिर्मठ और गैरसैंण की फायर सर्विस इकाइयों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। पटाखा बाजारों में अग्निशमन उपकरण और जरूरत के अनुसार फायर टेंडर तैनात किए जाएंगे। उन्होंने 60 और 90 दिन से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं, पार्ट-पेंडिंग मामलों और थानों में लंबित मालों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा। बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने से पहले मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पूरी करने और गैरसैंण में राज्य स्थापना दिवस की परेड की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश भी दिए।

विधानसभा सत्र में बेहतर ड्यूटी पर तीन पुलिसकर्मी सम्मानित

गैरसैंण में विधानसभा सत्र को सकुशल संपन्न कराने में योगदान के लिए प्रतिसार निरीक्षक जितेंद्र जोशी, यातायात निरीक्षक दिगंबर सिंह उनियाल और गैरसैंण के प्रभारी निरीक्षक मनोज सिरोला को पुलिस मैन ऑफ द मंथ चुना गया। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसपी ने विधानसभा सत्र में पुलिसकर्मियों के समन्वय और कार्यशैली की सराहना की।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

error: Content is protected !!