गोपेश्वर (चमोली)। पत्नी से विवाद के बाद परेशान युवक चमोली पुल की रेलिंग पर चढ़कर अलकनंदा नदी में छलांग लगाने की तैयारी कर रहा था। गश्त कर रही पुलिस की नजर उस पर पड़ गई। पुलिसकर्मियों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया और नदी में छलांग लगाने से पहले ही उसकी जान बचा ली।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय प्रकाश ने कांस्टेबल मुकेश सैलानी और पीआरडी जवान सुरेंद्र भारती के साथ तत्काल युवक को रेलिंग से नीचे उतारा। इसके बाद उसे थाने लाया गया और समझाया-बुझाया गया। पूछताछ में युवक ने बताया कि पत्नी से विवाद के बाद वह काफी परेशान था और आवेश में आकर यह कदम उठाने जा रहा था। पुलिस ने उसकी स्थिति को देखते हुए परिजनों को थाने बुलाया और युवक को उनके सुपुर्द कर दिया। पुलिस की सतर्कता से समय रहते युवक को बचा लिया गया। घटना में कुछ पल की देरी भारी पड़ सकती थी, लेकिन गश्त के दौरान पुलिस की नजर पड़ने से युवक को सुरक्षित बचा लिया गया।
