खबर को सुनें

गोपेश्वर (चमोली)। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारी-शिक्षकों ने रविवार को गोपेश्वर में उपवास रखकर सरकार के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंका। एनएमओपीएस के बैनर तले आयोजित उपवास कार्यक्रम में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग करते हुए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई।

एनएमओपीएस के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के जिला मंत्री सुरेंद्र भगत ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारी और शिक्षक लंबे समय से पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। नई पेंशन व्यवस्था से सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों के भविष्य को लेकर असुरक्षा बनी हुई है। ऐसे में सरकार को कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करनी चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए आंदोलन को अब और तेज किया जाएगा। आंदोलन के अगले चरण में 13 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास घेराव किया जाएगा। इस कार्यक्रम में चमोली जिले से बड़ी संख्या में कर्मचारी और शिक्षक देहरादून पहुंचकर भागीदारी करेंगे।

उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली केवल कर्मचारियों का मुद्दा नहीं, बल्कि उनके सामाजिक और आर्थिक भविष्य से जुड़ा सवाल है। सरकार को कर्मचारियों की मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करनी चाहिए।

कार्यक्रम में राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रकाश सिंह चैहान, एनएमओपीएस के मंडलीय उपाध्यक्ष महिपाल सिंह चैहान, नरेंद्र सिंह रावत, धर्म सिंह चैहान, महावीर जग्गी, लखपत सिंह नेगी, रघुवीर सिंह नेगी, रघुवीर सिंह पंवार, महिपाल सिंह रावत, विनोद कुमार गोदियाल, हरेंद्र सिंह रावत, भगत सिंह नेगी, बलवीर सिंह रावत, विक्रम सिंह नेगी, देवी प्रसाद पुरोहित और शांतिस्वरूप नेगी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी-शिक्षक मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

error: Content is protected !!