खबर को सुनें

गोपेश्वऱ (चमोली)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम में दिए गए अपने वक्तव्य को लेकर उठे राजनीतिक विवाद के बीच बदरीनाथ से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने सफाई जारी की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके बयान को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया जा रहा है और इसे गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के दौरान विधायक बुटोला ने बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया था। इसके बाद उनके बयान को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं और इसे सरकार की खुली सराहना के रूप में देखा जाने लगा।

सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में विधायक बुटोला ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री का स्वागत केवल अतिथि देवो भवः की परंपरा के तहत किया था। उनका कहना है कि उन्होंने कार्यक्रम में बदरीनाथ क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं, मेडिकल कॉलेज, पोखरी उप जिला चिकित्सालय, विकास प्राधिकरण के नियमों और बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा प्रकरण जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की महत्वपूर्ण मांगों पर कोई नई घोषणा नहीं की, जिससे लोगों को निराशा हुई। उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और गढ़वाल क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप भी लगाया तथा कहा कि उनकी पार्टी सरकार के समर्थन में नहीं, बल्कि जनता के हितों के लिए संघर्ष कर रही है।

उधर, उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के केंद्रीय प्रवक्ता सत्यप्रकाश सती ने भी इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी विपक्ष की भूमिका से भटक रही है। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता दोनों दलों की राजनीति को समझ रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

error: Content is protected !!