पौड़ी। हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को यमकेश्वर विकासखंड के मालाग्राम पहुंचकर सघन पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय का भ्रमण कर दुर्लभ औषधीय पौधों के संरक्षण, अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण और वैज्ञानिक अनुसंधान समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में हो रहे प्रयास पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ औषधीय पौधों के संवर्धन, आयुर्वेद आधारित शोध, हर्बल पर्यटन और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने परिसर स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया और हर्बल पार्क में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश का अपनी तरह का अनूठा हर्बल पार्क है, जहां विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों एवं औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक चिकित्सा पद्धति और आधुनिक शोध के समन्वय का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
