गोपेश्वर (चमोली)। बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा हेराफेरी मामले में एसआईटी ने आरोपी पीए प्रमोद नौटियाल को हिरासत में लेकर पूछताछ करनी शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार एसआईटी ने आरोपी प्रमोद नौटियाल को देहरादून से रविवार देर रात हिरासत में लिया। हिरासत में लेने के बाद एसआईटी टीम आरोपी को अपने साथ बदरीनाथ लेकर पहुंची है। इस दौरान बदरीनाथ थाने में एसआईटी टीम आरोपी को गहन पूछताछ में जुट गई है
बताते चलें कि दो जुलाई को बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की गणना के दौरान कथित हेराफेरी का मामला सामने आया था। बीकेटीसी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार साक्ष्य जुटाने और आरोपी की तलाश में जुटी थी। कई संभावित ठिकानों पर दबिश देने के बाद आखिरकार पुलिस ने आरोपी को देहरादून से हिरासत में ले लिया है।
प्रारंभिक जांच में मंदिर में प्राप्त चढ़ावे के रखरखाव और जमा प्रक्रिया के दौरान वित्तीय अनियमितताओं के संकेत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम और संभावित अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले से जुड़े दस्तावेजों, सीसीटीवी फुटेज और वित्तीय लेन-देन की भी गहन पड़ताल की जा रही है। जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जा रही है। माना जा रहा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। इसके लिए विधिक औपराचिकताओं को पुलिस टीम पूरा करने में जुटी है। राज्य सरकार के सख्त कदमों के चलते आरोपी की गिरफ्तारी होने जा रही है।
