खबर को सुनें

देवप्रयाग(टिहरी गढ़वाल)। देवप्रयाग क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए नदी में समा गई। वाहन में चालक सहित कुल आठ लोग सवार थे। हादसे के बाद एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य बचाव दलों ने संयुक्त रूप से व्यापक रेस्क्यू अभियान चलाया, जिसमें अब तक तीन शव बरामद किए गए हैं, जबकि चार अन्य लोगों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार इनोवा कार (यूके08टीए-5433) देवप्रयाग क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होकर नदी में गिर गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए ढालवाला पोस्ट से राफ्ट टीम और श्रीनगर पोस्ट से अतिरिक्त बचाव दल भी मौके पर भेजा गया।

एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में बचाव अभियान शुरू किया गया। नदी के तेज बहाव और कठिन परिस्थितियों के बीच एसडीआरएफ, जिला पुलिस तथा अन्य एजेंसियों ने समन्वय के साथ सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया।

रेस्क्यू के दौरान एक बालक को गंभीर घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं नदी से दो पुरुष और एक महिला के शव बरामद किए गए। एसडीआरएफ टीम ने शवों को राफ्ट के माध्यम से सड़क मार्ग तक पहुंचाकर आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया।

बचाव दल ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसके आसपास के क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अन्य लापता व्यक्तियों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। शेष चार लापता लोगों की तलाश के लिए नदी किनारे और संभावित क्षेत्रों में सघन खोज अभियान जारी है।

प्रशासन ने बताया कि एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियां लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं और लापता लोगों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *