गोपेश्वर (चमोली)। टीएचडीसी की पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के प्रभावितों ने 12 सूत्रीय मांगों का निस्तारण न होने पर 5 मई से धरना प्रदर्शन का ऐलान किया है।
बंड नागपूर संगठन की ओर से पीपलकोटी नगर पंचायत की अध्यक्ष आरती नवानी, प्रधानों, बीडीसी मेंबरों तथा जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप कर कहा है कि परियोजना प्रभावितों की ओर से 12 सूत्रीय मांग पत्र सौंपने के बावजूद अभी तक मांगों के निस्तारण की पहल नहीं की गई है। कहा कि जिलाधिकारी ने एडीएम को 20 अप्रैल को टीएचडीसी, एचसीसी तथा प्रभावितों के बीच समन्वय स्थापित कर मांगों के निस्तारण के निर्देश दिए गए थे लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि प्रभावितों ने प्रशासन और टीएचडीसी प्रबंधन को मांगों के समाधान के लिए पर्याप्त समय दिया था। इसके बावजूद समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ। अब बंड-नागपूर के प्रभावित अपने अधिकारियों के लिए टीएचडीसी के गेट पर धरना देकर डेरा डालेगी। उन्होंने कहा कि परियोजना प्रभावित क्षेत्र में विकास कार्य, रोजगार, पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति और बुनियादी सुविधाओं से संबंधित मामले लंबे समय से लटके पड़े हैं। इसके चलते ही अब प्रभावितों को आंदोलन को विवश होना पड़ रहा है। कहा कि यदि निर्धारित तिथि तक मांगों का निस्तारण नहीं किया गया तो प्रभावित 5 मई से धरना प्रदर्शन को विवश होंगे।

